Lucknow IPL Fake Ticket Racket: ChatGPT और CorelDRAW से बन रहे थे फर्जी IPL टिकट, अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़

Thecity news
4 Min Read

इकाना स्टेडियम के बाहर बेच रहे थे नकली टिकट, UPI ट्रांजेक्शन से पुलिस ने दबोचे आरोपी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आईपीएल मैच के दौरान फर्जी टिकट बेचने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपियों पर ChatGPT और CorelDRAW जैसे डिजिटल टूल्स की मदद से नकली IPL टिकट तैयार कर लोगों को बेचने का आरोप है।

सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो ऑनलाइन और स्टेडियम के आसपास फर्जी टिकट बेचकर लोगों से ठगी कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल कर असली जैसे दिखने वाले टिकट तैयार करते थे।

इकाना स्टेडियम में पकड़ा गया फर्जीवाड़ा

गुरुवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच मुकाबला खेला गया। मैच को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह था, खासकर विराट कोहली को देखने के लिए लोग बड़ी संख्या में पहुंचे थे।

इसी दौरान उरई निवासी प्रदीप सिंह ने स्टेडियम के बाहर कुछ युवकों से दो IPL टिकट खरीदे और इसके लिए 1000 रुपये का भुगतान UPI के जरिए किया।

जब प्रदीप स्टेडियम के गेट पर पहुंचे तो कर्मचारियों ने टिकट के बारकोड की जांच की। जांच में टिकट फर्जी निकला, जिसके बाद उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। इसके बाद प्रदीप ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

UPI पेमेंट बना आरोपियों की गिरफ्तारी का कारण

सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए आरोपियों का मोबाइल नंबर ट्रेस किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 फर्जी IPL टिकट, लैपटॉप, पेपर कटर, कार, 14 कूटरचित टिकट, 13 प्लेन पेपर शीट, आधार कार्ड, पासबुक, तीन एटीएम कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए हैं।

ChatGPT और डिजाइनिंग सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ChatGPT और CorelDRAW जैसे डिजाइनिंग टूल्स का इस्तेमाल करके टिकट तैयार करते थे।

डीसीपी दक्षिण अमित आनंद के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के रहने वाले हैं।

  • श्रीकांत बोरकर कार वॉशिंग और डिजाइनिंग का काम करता है।
  • नूतन साहू ने आर्किटेक्चर में पॉलिटेक्निक डिप्लोमा किया है।
  • विश्वजीत साहू इंटर पास है और उसने यूट्यूब व कोचिंग के जरिए 2D-3D डिजाइनिंग और एलिवेशन का कोर्स सीखा था।
  • राजेंद्र चौधरी भी इंटर पास है और वॉशिंग का काम करता है।

विराट कोहली की दीवानगी का उठाया फायदा

पुलिस का कहना है कि विराट कोहली को देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक किसी भी कीमत पर टिकट खरीदने को तैयार थे। इसी उत्साह का फायदा उठाकर आरोपी लोगों को नकली टिकट बेच रहे थे।

फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

Share This Article