आर्थिक तंगी के कारण उच्च शिक्षा छोड़ने वाले छात्रों के लिए केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी (PM-Vidyalaxmi) योजना बड़ी राहत बनकर सामने आई है। इस योजना के तहत अब तक 1.12 लाख से अधिक छात्रों को बिना गारंटर और बिना किसी जमानत के एजुकेशन लोन दिया जा चुका है।
शिक्षा मंत्रालय ने लोकसभा में बताया कि नवंबर 2024 में योजना शुरू होने के बाद अब तक 1,12,817 छात्रों को कुल ₹15,634.78 करोड़ के एजुकेशन लोन स्वीकृत किए जा चुके हैं। योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव किसी भी योग्य छात्र की उच्च शिक्षा में बाधा न बने।
क्या है PM विद्यालक्ष्मी योजना?
केंद्र सरकार ने 6 नवंबर 2024 को प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना को मंजूरी दी थी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप तैयार की गई यह पूरी तरह डिजिटल योजना है, जिसके तहत छात्र एक ही पोर्टल से एजुकेशन लोन और ब्याज सब्सिडी के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इस योजना का लाभ उन छात्रों को मिलता है, जिन्हें NIRF में शामिल उच्च शिक्षण संस्थानों में मेरिट के आधार पर प्रवेश मिला हो। सरकार का लक्ष्य हर वर्ष करीब 22 लाख छात्रों तक योजना का लाभ पहुंचाना है।
योजना की प्रमुख विशेषताएं
बिना गारंटी और जमानत के लोन:
छात्रों को एजुकेशन लोन के लिए न तो किसी गारंटर की जरूरत होगी और न ही किसी संपत्ति को गिरवी रखना होगा।
75% क्रेडिट गारंटी:
₹7.5 लाख तक के एजुकेशन लोन पर केंद्र सरकार 75 प्रतिशत क्रेडिट गारंटी प्रदान करती है।
3% ब्याज सब्सिडी:
जिन परिवारों की वार्षिक आय ₹8 लाख तक है, उन्हें ₹10 लाख तक के एजुकेशन लोन पर 3 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी मिलेगी।
कम आय वाले परिवारों को अतिरिक्त राहत:
जिन परिवारों की सालाना आय ₹4.5 लाख तक है, उन्हें पात्रता के अनुसार ब्याज पर पूर्ण सहायता (Full Interest Support) का लाभ मिलेगा।
पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया:
लोन स्वीकृत होने के बाद पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जाती है, जिससे पारदर्शिता और तेजी सुनिश्चित होती है।
किन छात्रों को मिलेगी प्राथमिकता?
3 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी का लाभ अधिकतम 1 लाख छात्रों को मिलेगा। यदि पात्र आवेदकों की संख्या अधिक होती है, तो प्राथमिकता इस क्रम में दी जाएगी—
- सरकारी उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश लेने वाले छात्र।
- तकनीकी एवं व्यावसायिक (Technical & Vocational) पाठ्यक्रमों के छात्र।
- सरकारी स्कूल से 12वीं पास छात्र।
- सरकारी स्कूल से 10वीं पास छात्र।
- ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों से 12वीं उत्तीर्ण छात्र।
- इसके बाद छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
- 10वीं और 12वीं/डिप्लोमा की मार्कशीट।
- प्रवेश का आधिकारिक प्रमाण।
- संस्थान द्वारा जारी फीस एवं अन्य खर्चों का विवरण।
- परिवार की आय प्रमाण पत्र।
- आवेदक और माता-पिता की पासपोर्ट साइज फोटो।
- आधार कार्ड।
- यदि स्वेच्छा से कोलैटरल दिया जा रहा है, तो सह-आवेदक या गारंटर की फोटो।
ऐसे करें आवेदन
- PM विद्यालक्ष्मी के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं।
- मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी से रजिस्ट्रेशन करें।
- लॉगिन कर कॉमन लोन एप्लीकेशन फॉर्म भरें।
- संस्थान का चयन करें।
- अधिकतम तीन बैंकों का चयन करें।
- आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर आवेदन जमा करें।
आवेदन के बाद क्या होगा?
आवेदन जमा करने के बाद छात्र ऑनलाइन अपने आवेदन की स्थिति ट्रैक कर सकते हैं। सामान्यतः 8 दिनों से कम समय में लोन प्रक्रिया पूरी हो जाती है। लोन स्वीकृत होने पर फीस की राशि सीधे संबंधित कॉलेज या संस्थान के खाते में भेजी जाती है।

