इंजीनियरिंग की डिग्री पूरी कर सरकारी क्षेत्र में बेहतर करियर की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। महारत्न कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड ने डिप्टी मैनेजर के पदों पर भर्ती के लिए शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के जरिए इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और कंट्रोल एंड इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग से जुड़े उम्मीदवारों को नौकरी का मौका मिलेगा। कुल 135 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन प्रक्रिया 12 अगस्त 2026 से शुरू होगी।
योग्य उम्मीदवार 26 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन एनटीपीसी के आधिकारिक करियर पोर्टल के जरिए किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को आकर्षक वेतन के साथ कई अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।
135 डिप्टी मैनेजर पदों पर होगी भर्ती
एनटीपीसी की इस भर्ती के तहत डिप्टी मैनेजर (मैकेनिकल) के 55 पद, डिप्टी मैनेजर (इलेक्ट्रिकल) के 40 पद और डिप्टी मैनेजर (कंट्रोल एंड इंस्ट्रूमेंटेशन) के 40 पद शामिल हैं। इस तरह कुल 135 रिक्त पदों को भरा जाएगा। आवेदन प्रक्रिया 12 अगस्त से शुरू होगी और उम्मीदवार 26 अगस्त 2026 तक फॉर्म जमा कर सकेंगे।
बीई या बीटेक के साथ अनुभव जरूरी
इन पदों के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित इंजीनियरिंग शाखा में फुलटाइम बीई या बीटेक की डिग्री होनी चाहिए। डिप्टी मैनेजर ई4 ग्रेड का पद है, इसलिए उम्मीदवार के पास संबंधित क्षेत्र में निर्धारित कार्य अनुभव भी होना जरूरी है।
उम्मीदवार की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। एससी, एसटी, ओबीसी और पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
2 लाख रुपये तक मिलेगी सैलरी
एनटीपीसी में चयनित डिप्टी मैनेजर को 70,000 रुपये से 2,00,000 रुपये तक का आईडीए वेतनमान मिलेगा। इसके अलावा डीए, विभिन्न भत्ते, मेडिकल सुविधाएं और कंपनी की ओर से मिलने वाले अन्य लाभ भी दिए जाएंगे।
उम्मीदवारों का चयन आवेदन की शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू या पर्सनैलिटी टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा।
ऐसे कर सकेंगे आवेदन
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को एनटीपीसी के करियर पोर्टल पर जाकर ‘करंट ओपनिंग्स’ में विज्ञापन संख्या 10/26 का चयन करना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन करके व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और कार्य अनुभव से जुड़ी जानकारी भरनी होगी।
जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क जमा करना होगा। एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और महिला उम्मीदवारों से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।

