सड़क पार करते समय हुआ हादसा इतना जोरदार था कि टक्कर लगते ही स्कूटी सवार दोनों लोग उछलकर दूर जा गिरे। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
बरगढ़, 6 अक्टूबर। ओडिशा के बरगढ़ जिले के अताबिरा स्थित मेडिकल चौक पर सड़क पार कर रहे स्कूटी सवार दो लोगों को पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर पीछे बैठी महिला की मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। फुटेज में स्कूटी पर सवार युवक और महिला सड़क पार करने की कोशिश करते नजर आते हैं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई बोलेरो ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार दोनों लोग उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बोलेरो चालक को हिरासत में लिया
हादसे में स्कूटी पर पीछे बैठी महिला की मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतका की पहचान रेंगालीकैंप निवासी देवी प्रसाद पंडा के रूप में हुई है। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद अताबिरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो को जब्त कर लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के परिवार की शिकायत पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

