ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर के विरोध में प्रदर्शन के बाद कार्रवाई तेज, रविवार को जंतर-मंतर पर दोबारा जुटने के ऐलान के बीच राजधानी में सुरक्षा बढ़ाई गई।
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और अन्य युवा संगठनों के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने जबरन प्रदर्शन, कानून-व्यवस्था में बाधा और पुलिसकर्मियों पर हमले के आरोपों से जुड़े 20 से अधिक मामले दर्ज किए हैं। प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में बुलाया गया था। पुलिस के मुताबिक, कनॉट प्लेस, कर्तव्य पथ और बाराखंबा समेत कई इलाकों के थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है।
30 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की तैयारी
रविवार को लगातार दूसरे दिन राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। सीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए 30 हजार से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की तैयारी की गई है।
शनिवार को कई प्रदर्शनकारी हिरासत में
इससे पहले शनिवार को प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की थी और बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया गया था। प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बाद दिल्ली की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई।
20 जोन में बांटा गया नई दिल्ली जिला
सुरक्षा व्यवस्था में मदद के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 120 से अधिक कंपनियां तैनात की गई हैं। नई दिल्ली जिले को 20 जोन में बांटा गया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त, उपायुक्त और अतिरिक्त उपायुक्त समेत वरिष्ठ अधिकारी जमीनी स्तर पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
दिल्ली की सीमाओं पर जांच बढ़ाने के साथ ही होटलों, गेस्ट हाउसों, लॉज और धर्मशालाओं में भी सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को जुटाने से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी जुटाने के लिए सोशल मीडिया पर भी नजर रख रही है।
यातायात प्रभावित होने की आशंका
दिल्ली पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और सुरक्षाकर्मियों के साथ सहयोग करने की अपील की है। दिल्ली यातायात पुलिस ने रविवार को नई दिल्ली और मध्य दिल्ली में यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है। रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल और हवाई अड्डे की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने तथा प्रभावित इलाकों में गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। यात्रियों को यात्रा से पहले आधिकारिक सूचनाएं जांचने को भी कहा गया है।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अड़ा सीजेपी
सीजेपी का कहना है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं के खिलाफ उसका अभियान जारी रहेगा। पार्टी ने मांगें पूरी होने तक कई राज्यों में आंदोलन जारी रखने की बात कही है। वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है।

