दिल्ली में सीजेपी के तीनों नेता गिरफ्तार, मजिस्ट्रेट के सामने होंगे पेश

Thecity news
3 Min Read

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बाद पुलिस ने सौरव दास, आशुतोष और अभिजीत दिपके को एहतियातन हिरासत में लिया।

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के तीनों शीर्ष नेताओं को दिल्ली पुलिस ने एहतियातन गिरफ्तार किया है। सौरव दास, आशुतोष और अभिजीत दिपके को शनिवार को दिल्ली पहुंचते ही हवाई अड्डे से हिरासत में लिया गया था। प्रदर्शन जारी रखने के पार्टी के ऐलान के बाद पुलिस ने उन्हें प्रिवेंटिव अरेस्ट में रखा। जानकारी के मुताबिक, तीनों को दिल्ली कैंट थाने में कार्यपालक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।

तीनों नेताओं के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई की गई है। धारा 126 शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा बांड से संबंधित है, जबकि धारा 170 संज्ञेय अपराधों को रोकने के लिए गिरफ्तारी का प्रावधान करती है।

24 घंटे के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना जरूरी

कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस किसी व्यक्ति को इन प्रावधानों के अंतर्गत 24 घंटे से अधिक हिरासत में नहीं रख सकती। पुलिस को निर्धारित अवधि के भीतर उसे कार्यपालक मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना होता है। धारा 126 के तहत शांति बनाए रखने के लिए बांड भरवाया जा सकता है।

यदि पुलिस को आशंका हो कि कोई व्यक्ति संज्ञेय अपराध कर सकता है या शांति भंग कर सकता है, तो अपराध रोकने के लिए धारा 170 के तहत बिना वारंट गिरफ्तारी की जा सकती है।

प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने पर हिरासत में लिए गए लोग

सीजेपी ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। नई दिल्ली जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति और निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बावजूद कई प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें अलग-अलग जगहों पर हिरासत में लिया।

प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पार्टी के तीनों नेता मुंबई से विमान के जरिए दिल्ली पहुंचे थे। शनिवार को जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में दिल्ली पुलिस तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की टीमें प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेती रहीं। इलाके में सुरक्षा बढ़ाकर जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर कड़ी निगरानी रखी गई।

पुलिस के छह कर्मी घायल

एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, शनिवार को करीब 3,000 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के दौरान दिल्ली पुलिस के छह कर्मी घायल हुए। इनमें पिंक फोर्स की एक महिला सदस्य भी शामिल हैं। घायल कर्मियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि उनके घायल होने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Share This Article