जाम्बिया में खेली जा रही एशियन लीजेंड्स लीग 2026 के दूसरे सीजन में भारत और पाकिस्तान के बीच एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों से सजी इंडियन रॉयल्स ने पाकिस्तान पैंथर्स को 2 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत की इस यादगार जीत के नायक ऑलराउंडर ऋषि धवन रहे, जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।
पाकिस्तान ने बनाए 167 रन
इंडियन रॉयल्स के कप्तान नमन ओझा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान पैंथर्स ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए।
पाकिस्तान की ओर से कप्तान इमरान नजीर ने सबसे तेज पारी खेलते हुए 29 गेंदों पर 47 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इबरार हुसैन ने 36 गेंदों पर 39 रन और तौफीक उमर ने 23 गेंदों में 39 रन का योगदान दिया।
भारत की ओर से शादाब जकाती और सुबोध भाटी ने 2-2 विकेट लिए, जबकि मनप्रीत गोनी और ऋषि धवन को 1-1 सफलता मिली।
ऋषि धवन और सुबोध भाटी ने दिलाई जीत
168 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडियन रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान नमन ओझा 4 रन और असद पठान 9 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए।
इसके बाद ऋषि धवन ने जिम्मेदारी संभालते हुए 32 गेंदों पर 50 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस मैच जिताऊ पारी में 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
सुबोध भाटी ने भी बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 29 गेंदों में 46 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के जड़े। वहीं अभिषेक जलोटा ने 19 गेंदों पर 30 रन का योगदान दिया।
अंत में अनरीत सिंह ने 4 गेंदों पर नाबाद 12 रन बनाकर टीम को 17.3 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर जीत दिला दी।
टूर्नामेंट में भारत की लगातार दूसरी जीत
30 जुलाई से शुरू हुई एशियन लीजेंड्स लीग का फाइनल 10 अगस्त को खेला जाएगा। इंडियन रॉयल्स ने अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश टाइगर्स को 19 रन से हराया था। पाकिस्तान पर जीत के साथ टीम ने लगातार दूसरी सफलता हासिल कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
वहीं, पाकिस्तान पैंथर्स को टूर्नामेंट में लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।

