SBI क्लर्क भर्ती 2026: 1,538 पदों पर निकली वैकेंसी, 27 अगस्त तक करें आवेदन

Thecity news
3 Min Read

एसबीआई क्लर्क भर्ती में तीन चरणों में होगा चयन, स्थानीय भाषा की जानकारी जरूरी; जानें परीक्षा पैटर्न, उम्र सीमा और भाषा टेस्ट की पूरी जानकारी

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंकों में नौकरी पाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने क्लर्क यानी जूनियर एसोसिएट भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के जरिए स्पेशल रिक्रूटमेंट ड्राइव के तहत कुल 1,538 पद भरे जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया 7 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 27 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को ध्यान रखना होगा कि वे केवल एक राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के लिए ही आवेदन कर सकते हैं। साथ ही संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा की जानकारी होना भी जरूरी है।

तीन चरणों में होगा चयन

SBI क्लर्क भर्ती में उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों के आधार पर किया जाएगा। सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा होगी। इसके बाद प्रीलिम्स में सफल उम्मीदवारों को मेंस परीक्षा में शामिल होना होगा। अंतिम चरण में लोकल लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट (LLPT) होगा। प्रारंभिक परीक्षा सितंबर 2026 में और मेंस परीक्षा अक्टूबर-नवंबर 2026 में आयोजित होने की संभावना है।

प्रीलिम्स में 100 अंक, गलत जवाब पर कटेंगे नंबर

प्रारंभिक परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी और इसे हल करने के लिए एक घंटे का समय मिलेगा। पेपर में सभी प्रश्न ऑब्जेक्टिव होंगे और परीक्षा तीन सेक्शन में होगी। गलत आंसर देने पर एक-चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी। SBI ने प्रीलिम्स में सेक्शन वाइज या ओवरऑल क्वालिफाइंग कटऑफ तय नहीं किया है।

मेंस परीक्षा में उम्मीदवारों को बैंक की ओर से निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल करने होंगे। हालांकि, किसी एक सेक्शन में अलग से न्यूनतम अंक लाने की शर्त नहीं होगी।

भाषा टेस्ट

अगर उम्मीदवार ने 10वीं या 12वीं में उस राज्य की स्थानीय भाषा पढ़ी है और यह उसकी मार्कशीट में दर्ज है तो LLPT से छूट मिलेगी। अन्य उम्मीदवारों को चयन के बाद भाषा परीक्षा देनी होगी, जिसमें पढ़ने, लिखने, बोलने और समझने की क्षमता जांची जाएगी।

एज लिमिट

उम्मीदवार की उम्र 1 अप्रैल 2026 को 20 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।

आवेदन करते समय उम्मीदवार अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी सक्रिय रखें, क्योंकि भर्ती से जुड़ी जानकारी इन्हीं माध्यमों से भेजी जाएगी।

Share This Article