चेक बाउंस केस और जेल जाने के बाद भी नहीं रुका राजपाल यादव का काम, बोले- ‘मैं कभी रास्ता नहीं भटका’

Thecity news
4 Min Read

मुश्किलों के बीच भी राजपाल यादव लगातार फिल्मों में काम कर रहे हैं। चेक बाउंस केस और आर्थिक परेशानियों के बावजूद उनका कहना है कि इन विवादों ने उनके सम्मान, पहचान और करियर को प्रभावित नहीं किया है। उन्होंने कहा कि वह बचपन से ही कला और सिनेमा के प्रति समर्पित रहे हैं और आगे भी अपने काम से लोगों को जवाब देंगे।

मुश्किलों पर बोले राजपाल यादव

राजपाल यादव का कहना है कि उनकी जिंदगी में आई आर्थिक और कानूनी परेशानियां उनके सम्मान और करियर के बीच बाधा नहीं बनी हैं। उनके मुताबिक, कई लोगों ने विवाद खड़ा करके उनके काम और पहचान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाएंगे। राजपाल ने कहा कि वह बचपन से ही कला और सिनेमा के प्रति समर्पित रहे हैं।

एएनआई से बातचीत में राजपाल यादव ने कहा कि वह अपने करियर को लेकर पूरी तरह समर्पित हैं और खुद को भारतीय सिनेमा का छात्र मानते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 30-40 सालों में गांव से लेकर यहां तक अगर उन्होंने 100-200 लोगों के पैसे देने हैं, तो वह उनके घर तक पहुंच जाएंगे। राजपाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब फंड मुश्किल में हो तो कोई किसी कलाकार के बायोडाटा पर कैसे दांव लगा सकता है।

राजपाल यादव ने कहा, “चाहे मुश्किल में हों या अच्छे वक्त में, हर एयरपोर्ट पर उसके साथ 500 लोग सेल्फी खींचते हैं। राजपाल जिम्मेदार एक्टर है। कोई भी मुझे 5 करोड़, 10 करोड़, 100 करोड़ या 250 करोड़ में नहीं खरीद सकता, क्योंकि मैं बचपन से ही कला के नाम पर बिका हूं।”

‘मैं कभी रास्ता नहीं भटका’

राजपाल यादव ने अपने एक्टिंग सफर को लेकर कहा कि वह थिएटर और फिल्मों के प्रति पूरी तरह समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि भले ही लोग इसे नुकसान कहें या कुछ और, लेकिन वह कुछ न कुछ बनाकर जरूर दिखाएंगे। उनका कहना है कि वह लोगों को दिखाना चाहते हैं कि उन्होंने 2000 से 2026 के बीच क्या काम किया है।

एक्टर ने कहा कि इसमें एक-दो साल लग सकते हैं, लेकिन उन्होंने शुरुआत में ही कहा था कि वह कभी रास्ता नहीं भटके। न फिल्में बनाते हुए, न घर बनाते हुए और न ही अपना करियर बनाते हुए।

फिल्मों में लगातार मिल रहा काम

राजपाल यादव के मुताबिक, जिंदगी की परेशानियों का असर किसी कलाकार के काम और उसकी पहचान पर नहीं पड़ना चाहिए। चेक बाउंस मामले में जेल जाने और आर्थिक विवादों के बावजूद उनके पास लगातार फिल्मी ऑफर्स आ रहे हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो राजपाल यादव हाल ही में फिल्म ‘वेलकम 3’ में नजर आए थे। इससे पहले वह अक्षय कुमार के साथ ‘भूत बंगला’ में भी दिखाई दिए थे। उनकी बातों से साफ है कि कानूनी और आर्थिक मुश्किलों के बीच भी वह अपने फिल्मी करियर को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं हैं।

Share This Article