बॉम्बे हाईकोर्ट ने कुक के 18 पदों पर निकाली भर्ती, 10 सितंबर तक स्पीड पोस्ट से करना होगा आवेदन; 10वीं-12वीं पास उम्मीदवार भी कर सकते हैं अप्लाई
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट में नौकरी पाने का मौका है। हाईकोर्ट ने कुक यानी रसोइया के 18 खाली पदों को भरने के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती की खास बात यह है कि आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का न्यूनतम चौथी कक्षा पास होना जरूरी है। यानी 10वीं और 12वीं पास उम्मीदवार भी इस पद के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं करना होगा। इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म भरकर स्पीड पोस्ट के जरिए भेजना होगा। आवेदन की अंतिम तारीख 10 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
कौन कर सकता है आवेदन?
कुक पद के लिए उम्मीदवार की उम्र 18 से 38 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी। ऐसे उम्मीदवार 43 वर्ष की उम्र तक आवेदन कर सकते हैं।
उम्मीदवार को मराठी और हिंदी भाषा पढ़ने, लिखने और बोलने का ज्ञान होना चाहिए। इसके अलावा उसे शाकाहारी और मांसाहारी दोनों तरह का भोजन बनाने की जानकारी और अनुभव होना जरूरी है।
3-स्टार या 5-स्टार होटल में काम करने वाले उम्मीदवारों या कैटरिंग में डिप्लोमा रखने वाले अभ्यर्थियों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।
कितनी मिलेगी सैलरी?
चयनित उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स लेवल S-3 के अनुसार 16,600 रुपये से 52,400 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। इसके अलावा उम्मीदवारों को नियमानुसार अन्य सरकारी भत्ते भी दिए जाएंगे।
50 अंकों का होगा चयन
कुक पद पर उम्मीदवारों का चयन कुल 50 अंकों के आधार पर किया जाएगा। इसमें कुकिंग प्रैक्टिकल टेस्ट, फिजिकल फिटनेस टेस्ट और ओरल इंटरव्यू शामिल होंगे।
- कुकिंग प्रैक्टिकल टेस्ट: 30 अंक
- फिजिकल फिटनेस टेस्ट: 10 अंक
- ओरल इंटरव्यू: 10 अंक
प्रैक्टिकल टेस्ट में सफल होने के लिए उम्मीदवार को कम से कम 15 अंक हासिल करना जरूरी होगा।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार बॉम्बे हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। फॉर्म को निर्धारित तरीके से भरने के बाद जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज, अनुभव प्रमाणपत्र और हाल की पासपोर्ट साइज फोटो की सेल्फ-अटेस्टेड कॉपी साथ लगानी होगी।
आवेदन वाले लिफाफे पर कुक पद के लिए आवेदन स्पष्ट रूप से लिखना होगा। आवेदन 10 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक स्पीड पोस्ट के जरिए निर्धारित पते पर पहुंच जाना चाहिए।
आवेदन भेजने का पता है: प्रबंधक (प्रशासन), बॉम्बे हाईकोर्ट, बेंच औरंगाबाद, जालना रोड, छत्रपति संभाजीनगर-431009।
शुरुआत में आवेदन के साथ फीस जमा नहीं करनी होगी। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को बाद में 200 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करना होगा।

