दानापुर सेना भर्ती मुख्यालय की रैली 22 सितंबर से 6 अक्टूबर तक चलेगी, बारिश और मैदान की स्थिति को देखते हुए सड़क पर होगी दौड़; 257 महिला अभ्यर्थी भी शामिल
बिहार में अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। सेना भर्ती मुख्यालय, दानापुर की ओर से 22 सितंबर से अग्निवीर भर्ती रैली शुरू की जा रही है। इस भर्ती रैली में कुल 11,042 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनमें 257 महिला अभ्यर्थी हैं।
रैली का आयोजन 22 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक चांदमारी स्थित केएलपी मैदान में किया जाएगा। बारिश और मैदान की स्थिति को देखते हुए इस बार अभ्यर्थियों की दौड़ सड़क पर कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को जूते पहनकर दौड़ना होगा। सेना की ओर से उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे दौड़ के लिए अच्छे और उपयुक्त जूते पहनकर आएं।
भर्ती निदेशक कर्नल बिंदु अग्निहोत्री ने प्रेसवार्ता में बताया कि रैली में वही उम्मीदवार शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने कॉमन एंट्रेंस एग्जाम पास किया है। वहीं, क्लर्क पद के लिए करीब 3,500 अभ्यर्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
उम्मीदवारों को रैली में अपना एडमिट कार्ड, सभी जरूरी मूल प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आना होगा।
बिहार अग्निवीर भर्ती रैली का शेड्यूल
22 से 25 सितंबर: अग्निवीर सामान्य ड्यूटी के लिए पटना, बक्सर, भोजपुर, सीवान, सारण, गोपालगंज और वैशाली के शॉर्टलिस्ट किए गए पुरुष अभ्यर्थी।
26 से 29 सितंबर: अग्निवीर तकनीकी और कार्यालय सहायक/स्टोर कीपर तकनीकी पदों के लिए इन्हीं सात जिलों के शॉर्टलिस्ट किए गए पुरुष अभ्यर्थी।
30 सितंबर: अग्निवीर ट्रेड्समैन के लिए 8वीं और 10वीं पास अभ्यर्थियों की भर्ती।
1 अक्टूबर: झारखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती।
2 और 3 अक्टूबर: बिहार के विभिन्न जिलों के अग्निवीर क्लर्क पद के अभ्यर्थियों की भर्ती।
4 अक्टूबर: एआरओ गया क्षेत्र के अभ्यर्थियों की भर्ती।
5 अक्टूबर: रिजर्व डे रखा गया है।
6 अक्टूबर: बिहार और झारखंड की महिला सैन्य पुलिस के लिए भर्ती रैली होगी।
चार साल पूरे होने से पहले स्थायी नौकरी का दावा
अग्निवीरों के भविष्य को लेकर एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, रक्षा मंत्रालय ने अग्निवीरों के लिए एक एग्जिट प्लान तैयार किया है। इसके तहत सेना में सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों में से 25 प्रतिशत को स्थायी रूप से सेना में बनाए रखने की प्रक्रिया उनके चार साल का कार्यकाल पूरा होने से पहले पूरी किए जाने की योजना है।
सूत्रों के मुताबिक, सेना में भर्ती अग्निवीरों के पहले बैच में शामिल 19 हजार से अधिक अग्निवीर जनवरी 2027 में चार साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। इन अग्निवीरों की स्थायी नियुक्ति के लिए आंतरिक परीक्षा और मेरिट सूची तैयार करने की प्रक्रिया पहले पूरी करने की योजना बताई गई है।
पहले ऐसी व्यवस्था पर विचार किया गया था कि चार साल की सेवा पूरी करने के बाद सभी अग्निवीरों को सेवामुक्त किया जाएगा और इसके बाद 25 प्रतिशत उम्मीदवारों की दोबारा नियुक्ति की जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार, अब इस प्रक्रिया को बदलने की योजना है और चयनित 25 प्रतिशत अग्निवीरों की सूची कार्यकाल समाप्त होने से पहले जारी की जा सकती है।
हालांकि, स्थायी नियुक्ति से जुड़ी इस व्यवस्था की अंतिम शर्तों और आधिकारिक प्रक्रिया के लिए रक्षा मंत्रालय या भारतीय सेना की ओर से जारी आधिकारिक सूचना को ही अंतिम आधार माना जाएगा।

