Bihar Class 1 to 8 Exam 2026: 12 मार्च से वार्षिक परीक्षा शुरू, SCERT ने जारी किया टाइम टेबल

Thecity news
4 Min Read

दो पालियों में होगी परीक्षा, कक्षा 1-2 की मौखिक और 3 से 8वीं तक लिखित परीक्षा

बिहार राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक की वार्षिक परीक्षा 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा 12 मार्च से शुरू होकर 19 मार्च तक चलेगी। सभी परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे तक होगी। प्रश्नपत्र ई-शिक्षा कोष पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे।

कक्षा 1 और 2 की मौखिक, 3 से 8 तक लिखित परीक्षा

इस वर्ष कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों की परीक्षा मौखिक रूप से ली जाएगी, जबकि कक्षा 3 से 8 तक के छात्रों को लिखित परीक्षा देनी होगी। पहली और दूसरी कक्षा के लिए विषयवार प्रश्नपत्र ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर उपलब्ध रहेंगे, जबकि अन्य कक्षाओं के लिए प्रश्नपत्र और कॉपियां बिहार राज्य पाठ्यपुस्तक निगम लिमिटेड द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी।

उत्तरपुस्तिका पर लिखने की नई व्यवस्था लागू

इस वर्ष से नई व्यवस्था लागू की गई है। पहले छात्र प्रश्नपत्र सह-उत्तरपुस्तिका पर ही उत्तर लिखते थे, लेकिन अब कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों को अलग उत्तरपुस्तिकाएं दी जाएंगी। छात्रों को निर्धारित उत्तरपुस्तिका पर ही उत्तर लिखना अनिवार्य होगा। उत्तरपुस्तिकाएं 5 और 6 मार्च तक जिला शिक्षा कार्यालय को उपलब्ध करा दी जाएंगी। इसके बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी इन्हें विद्यालयों तक पहुंचाएंगे। 9 और 10 मार्च तक विद्यालयवार बंडल तैयार कर प्रधानाध्यापकों को सौंपना अनिवार्य किया गया है।

19 से 24 मार्च तक मूल्यांकन कार्य

मूल्यांकन कार्य 19 से 24 मार्च तक चार कार्य दिवसों में पूरा किया जाएगा (ईद और बिहार दिवस को छोड़कर)। 25 मार्च तक प्रगति पत्रक तैयार कर लिए जाएंगे। 30 मार्च को सभी विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित होगी, जिसमें छात्रों की प्रगति साझा की जाएगी।

सह-शैक्षणिक गतिविधियों के आधार पर भी मूल्यांकन

विद्यार्थियों का मूल्यांकन 12 सह-शैक्षणिक गतिविधियों के आधार पर भी किया जाएगा। इनमें नियमित उपस्थिति, सृजनात्मकता, खेल-कूद में भागीदारी, स्वच्छता और अन्य व्यवहारिक पहलू शामिल हैं। इसके लिए सभी विद्यालयों को निर्धारित फॉर्मेट उपलब्ध कराया जाएगा।

SCERT द्वारा जारी परीक्षा तिथियां

12 मार्च

  • पहली पाली: पर्यावरण अध्ययन / सामाजिक विज्ञान (कक्षा 3–8)
  • दूसरी पाली: भाषा (हिन्दी/उर्दू) – कक्षा 1 एवं 2 (मौखिक)

14 मार्च

  • पहली पाली: हिन्दी / उर्दू (कक्षा 3–8)
  • दूसरी पाली: अहिन्दी भाषी के लिए हिन्दी (कक्षा 3–8)

16 मार्च

  • पहली पाली: गणित (कक्षा 3–5)
  • दूसरी पाली: गणित (कक्षा 6–8)

17 मार्च

  • पहली पाली: अंग्रेजी (कक्षा 3–5)
  • दूसरी पाली: अंग्रेजी (कक्षा 6–8)

18 मार्च

  • पहली पाली: विज्ञान (कक्षा 6–8)
  • दूसरी पाली: संस्कृत (कक्षा 6–8)

19 मार्च

  • पहली पाली: गणित (कक्षा 1 एवं 2 – मौखिक)
  • दूसरी पाली: अंग्रेजी (कक्षा 1 एवं 2 – मौखिक)

ग्रेड C, D और E छात्रों के लिए विशेष रणनीति

इस बार केवल ग्रेड E ही नहीं, बल्कि ग्रेड C और D प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी विशेष रणनीति बनाई जाएगी। लक्ष्य है कि इन छात्रों को अगली कक्षा में A और B ग्रेड तक पहुंचाया जाए। जांची गई कॉपियां अभिभावकों को दिखाई जाएंगी ताकि बच्चों की शैक्षणिक स्थिति स्पष्ट हो सके और सुधार की दिशा में संयुक्त प्रयास किए जा सकें।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *