दिल्ली के सर्वोदय विद्यालयों में नर्सरी, केजी और पहली कक्षा में एडमिशन 2 मार्च से शुरू

Thecity news
3 Min Read

16 मार्च तक आवेदन का मौका, 20 मार्च को लॉटरी से होगा चयन

राजधानी दिल्ली के सर्वोदय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 2 मार्च से शुरू होने जा रही है। नर्सरी, केजी और पहली कक्षा में दाखिले के इच्छुक अभिभावक निर्धारित तिथियों के भीतर आवेदन कर सकेंगे। स्कूलों में उपलब्ध सीटों की संख्या संबंधित विद्यालय के गेट के बाहर प्रदर्शित की जाएगी, ताकि अभिभावकों को पहले से पूरी जानकारी मिल सके।

इन कक्षाओं में प्रवेश के लिए केवल दिल्ली के निवासी ही पात्र होंगे। दाखिले में उन बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी जो संबंधित सर्वोदय विद्यालय से एक किलोमीटर के दायरे में रहते हैं। यदि किसी बच्चे के एक किलोमीटर के भीतर कोई सर्वोदय विद्यालय नहीं है, तो तीन किलोमीटर के दायरे में रहने वाले बच्चों को भी मौका दिया जाएगा।

आयु सीमा और छूट का प्रावधान

शिक्षा निदेशालय के अनुसार नर्सरी में प्रवेश के लिए आयु सीमा तीन से चार वर्ष तय की गई है। केजी के लिए चार से पांच वर्ष और पहली कक्षा के लिए पांच से छह वर्ष आयु अनिवार्य है। हालांकि, स्कूल प्रमुख अपने स्तर पर अधिकतम और न्यूनतम आयु सीमा में 30 दिन तक की छूट दे सकते हैं।

आवेदन की अंतिम तिथि और चयन प्रक्रिया

अभिभावक 16 मार्च तक आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं। आवेदकों की सूची तथा यदि किसी आवेदन में कमी पाई जाती है तो उसकी सूचना 18 मार्च को स्कूल के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी। चयन प्रक्रिया 20 मार्च को सुबह 11 बजे (प्रातः पाली) और दोपहर 3 बजे (सांय पाली) एसएमसी सदस्यों और अभिभावकों की उपस्थिति में लॉटरी के माध्यम से पूरी की जाएगी।

जरूरी दस्तावेज और हेल्प डेस्क सुविधा

दाखिले के लिए निवास प्रमाण-पत्र, जन्म प्रमाण-पत्र और जाति प्रमाण-पत्र अनिवार्य होंगे। आवेदन फॉर्म स्कूलों में सुबह 8:30 से 11:30 बजे तक तथा शाम की शिफ्ट वाले स्कूलों में दोपहर 2:30 से 5:30 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। अभिभावकों की सहायता के लिए शिक्षक और एसएमसी सदस्यों की ओर से हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की गई है। निदेशालय ने अभिभावकों को सलाह दी है कि वे आवेदन फॉर्म जमा करने से पहले हेल्प डेस्क से उसकी जांच अवश्य करवा लें।

चयनित छात्रों की सूची और प्रवेश तिथि

चयनित छात्रों की सूची 23 मार्च को स्कूल के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी। प्रवेश प्रक्रिया 2 अप्रैल तक पूरी कर ली जाएगी। यदि किसी कारणवश सीटें खाली रह जाती हैं, तो प्रतीक्षा सूची में शामिल बच्चों को 4 अप्रैल से 7 अप्रैल के बीच दाखिला दिया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *