UP Assistant Professor Recruitment: 1936 पदों पर भर्ती में कई संबद्ध विषयों को मौका, जानें कौन कर सकता है आवेदन

Thecity news
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के 330 सहायता प्राप्त कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए पहली बार कई विषयों को मुख्य विषय के साथ आवेदन की अनुमति, एक ही पढ़ाई के आधार पर एक से अधिक विषयों में भी आवेदन का विकल्प

उत्तर प्रदेश के 330 सहायता प्राप्त कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1,936 पदों पर भर्ती के लिए इस बार कई संबद्ध विषयों के अभ्यर्थियों को भी आवेदन का मौका दिया गया है। विशेषज्ञों की समीक्षा के बाद पहली बार इन विषयों को संबद्ध विषय के तौर पर मान्यता देते हुए मुख्य विषय की भर्ती में आवेदन की अनुमति दी गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से जारी भर्ती विज्ञापन में इन विषयों को शामिल किया गया है।

किन विषयों के अभ्यर्थियों को मिली राहत?

संस्कृत विषय में संस्कृत में निष्णात उपाधि या संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से संस्कृत में आचार्य की उपाधि प्राप्त अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इतिहास में मध्यकालीन इतिहास, आधुनिक इतिहास, प्राचीन इतिहास और पुरातत्व को भी मान्य संबद्ध विषय माना गया है। वहीं, पुरातत्व एवं विरासत प्रबंधन से पढ़ाई करने वाले अभ्यर्थी प्राचीन इतिहास की भर्ती में आवेदन कर सकेंगे।

एशियन कल्चर में पहले से मान्य संबद्ध विषयों के साथ मानव शास्त्र को भी शामिल किया गया है। समाजशास्त्र में सोशल वर्क, अर्थशास्त्र में व्यवहारिक अर्थशास्त्र और शारीरिक शिक्षा में एमपीएड व एमपीई की पढ़ाई करने वालों को भी संबंधित पदों के लिए आवेदन का अवसर दिया गया है।

वाणिज्य विषय में लेखाशास्त्र, व्यावसायिक सांख्यिकी तथा आर्थिक प्रशासन एवं वित्तीय प्रबंध की पढ़ाई करने वाले अभ्यर्थियों को भी आवेदन की अनुमति दी गई है।

रसायन विज्ञान और प्राणि विज्ञान में भी नए संबद्ध विषय

रसायन विज्ञान में व्यवहारिक रसायनशास्त्र, कार्बनिक रसायन, अकार्बनिक रसायन और फार्मास्युटिकल को भी पहली बार मान्य संबद्ध विषयों में शामिल किया गया है।

इसी तरह प्राणि विज्ञान में अन्य संबद्ध विषयों के साथ फिशरीज एंड लाइफ साइंस को भी मान्यता दी गई है। इससे इन विषयों से पढ़ाई करने वाले अभ्यर्थियों के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में आवेदन के अवसर बढ़े हैं।

एक विषय की पढ़ाई, एक से अधिक विषयों में आवेदन

इस भर्ती में संबद्ध विषयों की व्यवस्था के कारण कुछ अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर एक से अधिक विषयों में आवेदन कर सकते हैं।

माइक्रोबायोलॉजी, मॉलीक्यूलर एंड ह्यूमन जेनेटिक्स, पर्यावरण विज्ञान और लाइफ साइंस से पढ़ाई करने वाले अभ्यर्थी वनस्पति विज्ञान और प्राणि विज्ञान दोनों विषयों में आवेदन कर सकते हैं।

इसी तरह प्राचीन, मध्यकालीन और आधुनिक इतिहास के साथ पुरातत्व के अभ्यर्थी इतिहास और एशियन कल्चर दोनों विषयों के लिए अर्ह माने गए हैं। मानव शास्त्र की पढ़ाई करने वाले अभ्यर्थियों को अपने मूल विषय के साथ एशियन कल्चर में भी आवेदन का अवसर मिलेगा।

Share This Article