एनआईसीएल में बिना परीक्षा के नौकरी का मौका, 200 ग्रेजुएट अप्रेंटिस पदों पर भर्ती

Thecity news
4 Min Read

चयनित अभ्यर्थियों को एक साल की ट्रेनिंग के दौरान हर महीने 15 हजार रुपये स्टाइपेंड मिलेगा, आवेदन की प्रक्रिया 18 नवंबर तक चलेगी।

इंश्योरेंस सेक्टर में करियर शुरू करने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (एनआईसीएल) ने अप्रेंटिस भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत देश के 14 राज्यों में ग्रेजुएट अप्रेंटिस के कुल 200 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।

इस भर्ती की खास बात यह है कि आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा और चयन के लिए लिखित परीक्षा भी आयोजित नहीं की जाएगी। योग्य अभ्यर्थी 4 नवंबर से 18 नवंबर 2026 तक नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम (एनएटीएस) के आधिकारिक पोर्टल nats.education.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

एनआईसीएल अप्रेंटिस भर्ती 2026 के लिए पात्रता की गणना 1 अप्रैल 2026 के आधार पर की जाएगी।

  • शैक्षणिक योग्यता: अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में नियमित स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। डिग्री प्रमाणपत्र 1 अप्रैल 2026 तक प्राप्त होना जरूरी है।
  • आयु सीमा: उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष होनी चाहिए। अभ्यर्थी का जन्म 1 अप्रैल 1996 से 1 अप्रैल 2005 के बीच हुआ होना चाहिए।
  • आयु में छूट: आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार छूट मिलेगी। ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष, एससी और एसटी वर्ग को 5 वर्ष तथा दिव्यांग (पीडब्ल्यूबीडी) अभ्यर्थियों को 10 से 15 वर्ष की छूट दी जाएगी।

कौन नहीं कर सकता आवेदन?

जिन अभ्यर्थियों के पास स्नातकोत्तर (पीजी) डिग्री है, जिन्हें एक वर्ष या उससे अधिक का कार्य अनुभव है या जो पहले अप्रेंटिसशिप कर चुके हैं, वे इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।

ट्रेनिंग अवधि और हर महीने मिलेगा 15 हजार रुपये स्टाइपेंड

चयनित उम्मीदवारों को 12 महीने यानी एक साल की अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग दी जाएगी। इस दौरान उन्हें हर महीने 15,000 रुपये का निश्चित स्टाइपेंड मिलेगा।

इसमें से 8,850 रुपये एनआईसीएल की ओर से दिए जाएंगे, जबकि 6,150 रुपये केंद्र सरकार द्वारा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे अभ्यर्थी के बैंक खाते में भेजे जाएंगे।

कैसे होगा चयन?

अभ्यर्थियों का चयन स्नातक में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट सूची से किया जाएगा। इसमें कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। मेरिट सूची के आधार पर शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा।

एनएटीएस पोर्टल पर ऐसे करें आवेदन

  1. सबसे पहले आधिकारिक एनएटीएस पोर्टल nats.education.gov.in पर जाएं।
  2. नए अभ्यर्थी ‘स्टूडेंट रजिस्ट्रेशन’ के जरिए पंजीकरण करें और अपनी प्रोफाइल 100 प्रतिशत पूरी करें। इसके बाद 12 अंकों का एनरोलमेंट नंबर प्राप्त करें।
  3. रजिस्टर्ड ईमेल आईडी और पासवर्ड की मदद से पोर्टल पर लॉगिन करें।
  4. ‘अप्लाई अगेंस्ट एडवर्टाइज्ड वैकेंसीज’ सेक्शन में जाकर ‘नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड’ सर्च करें।
  5. संबंधित राज्य की रिक्तियों के विकल्प पर जाकर ‘अप्लाई’ पर क्लिक करें और आवेदन जमा कर दें।
Share This Article