ऑस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान मिशेल मार्श ने 2026 में अपने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। मार्श एक कैलेंडर ईयर में 1500 टी20 रन बनाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि द हंड्रेड में सनराइजर्स लीड्स की ओर से खेलते हुए हासिल की।
हेडिंग्ले में वेल्श फायर के खिलाफ मुकाबले में मार्श ने 34 गेंदों पर 50 रन की तेज पारी खेली। इस अर्धशतक के साथ 2026 में उनके टी20 रनों की संख्या 1502 हो गई। इसके साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।
टिम डेविड को छोड़ा पीछे
टिम डेविड ने 2022 में 73 टी20 मैचों में सात अलग-अलग टीमों के लिए खेलते हुए कुल 1461 रन बनाए थे। मार्श ने इस आंकड़े को पीछे छोड़ते हुए एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
मार्श इस साल ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम के अलावा दुनिया की कई बड़ी टी20 लीग में भी खेल रहे हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने उन्हें फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी खास पहचान दिलाई है।
2026 में मार्श ने कब-कब बनाए रन?
2026 में मिशेल मार्श ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 7 टी20 मैचों में 230 रन बनाए हैं। इसके अलावा आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए 13 मैचों में उनके बल्ले से 563 रन निकले।
बिग बैश लीग में पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए उन्होंने 8 मैचों में 335 रन बनाए हैं। वहीं, द हंड्रेड के मौजूदा सीजन में मार्श 7 मैचों में 374 रन बना चुके हैं।
इन सभी टूर्नामेंटों के प्रदर्शन को मिलाकर मार्श 2026 में अब तक 1502 टी20 रन बना चुके हैं।
द हंड्रेड में भी बना सकते हैं नया रिकॉर्ड
अब मिशेल मार्श की नजर द हंड्रेड के एक और बड़े रिकॉर्ड पर है। एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल जेम्स विंस के नाम है। उन्होंने 2024 में सदर्न ब्रेव के लिए 424 रन बनाए थे।
मार्श इस समय 374 रन पर हैं और उन्हें इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए सिर्फ 51 रन और बनाने हैं। अगर वह 51 रन और बना लेते हैं, तो द हंड्रेड के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
यानी 2026 में मिशेल मार्श के बल्ले से रिकॉर्ड बनने का सिलसिला अभी थमता नजर नहीं आ रहा है।

