चोटिल साई सुदर्शन की जगह युवा बल्लेबाज सरफराज खान को 15 अगस्त से शुरू होने वाली श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इसके बाद दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए वेस्ट जोन की टीम में भी बदलाव किया गया है। सरफराज खान की जगह सौराष्ट्र के 25 वर्षीय बल्लेबाज जय गोहिल को टीम में शामिल किया गया है।
सरफराज की जगह जय गोहिल को मिला मौका
वेस्ट जोन और मुंबई के चीफ सेलेक्टर राजेश पवार ने पुष्टि की है कि सरफराज खान की जगह जय गोहिल को वेस्ट जोन की टीम में शामिल किया गया है। गोहिल पहले स्टैंडबाय खिलाड़ियों की सूची में थे।
रणजी ट्रॉफी में सौराष्ट्र के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले जय गोहिल अब हार्विक देसाई के बाद वेस्ट जोन की टीम में जगह बनाने वाले सौराष्ट्र के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
जय गोहिल 2022-23 में रणजी ट्रॉफी खिताब जीतने वाली सौराष्ट्र टीम का हिस्सा रह चुके हैं। अपने डेब्यू सीजन में उन्होंने 9 पारियों में करीब 37 की औसत से 337 रन बनाए थे।
25 वर्षीय दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अब तक 12 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें 48.00 की शानदार औसत से 860 रन बनाए हैं। उनके नाम रेड-बॉल क्रिकेट में 2 शतक और 4 अर्धशतक हैं। उन्होंने अपना आखिरी फर्स्ट क्लास मैच इस साल की शुरुआत में चंडीगढ़ के खिलाफ खेला था, जिसमें उन्होंने 98 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी।
ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में खेलेगी वेस्ट जोन
दलीप ट्रॉफी 2026 में वेस्ट जोन की टीम की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ करेंगे। टीम अपना पहला मुकाबला 23 अगस्त को नॉर्थ जोन के खिलाफ खेलेगी। यह मैच बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मैदान पर आयोजित किया जाएगा।
शम्स मुलानी को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। सरफराज खान के भारतीय टेस्ट टीम में चयन के बाद अब वेस्ट जोन की टीम में जय गोहिल को शामिल किया गया है।
दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए वेस्ट जोन का अपडेटेड स्क्वॉड
ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), शम्स मुलानी (उपकप्तान), शार्दुल ठाकुर, मुशीर खान, तुषार देशपांडे, तनुश कोटियन, सिद्धार्थ देसाई, अतीत शेठ, पृथ्वी शॉ, शिवालिक शर्मा, मुकेश चौधरी, हार्विक देसाई (विकेटकीपर), जयमीत पटेल, उर्विल पटेल और जय गोहिल।

