गोदाबरीश विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत योग्य छात्र 19 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, राशि सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी।
ओडिशा सरकार ने मेधावी छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए आर्थिक सहायता देने वाली गोदाबरीश विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना 2026 के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस योजना को ओडिशा लैपटॉप योजना के नाम से भी जाना जाता है।
योजना के तहत राज्य के 15,000 चयनित छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए 30,000 रुपये की एकमुश्त सहायता दी जाएगी। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से छात्रों के आधार से जुड़े बैंक खातों में भेजी जाएगी। इच्छुक और पात्र छात्र 19 नवंबर 2026 तक ओडिशा राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
योजना का लाभ लेने के लिए छात्रों को निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी।
- मूल निवासी: आवेदक का ओडिशा का स्थायी निवासी होना जरूरी है।
- शैक्षणिक योग्यता: छात्र ने ओडिशा उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीएचएसई ओडिशा) से साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स या वोकेशनल स्ट्रीम में 12वीं की परीक्षा पास की हो। श्री जगन्नाथ संस्कृत विश्वविद्यालय, पुरी से उपशास्त्री परीक्षा पास करने वाले छात्र भी आवेदन कर सकते हैं।
- अंक सीमा: परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले छात्रों को वरीयता दी जाएगी।
- पासिंग वर्ष: वर्ष 2025 में 12वीं पास करने वाले छात्र आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा 2024 में परीक्षा पास करने वाले ऐसे छात्रों को भी मौका दिया गया है, जो पिछली बार आवेदन नहीं कर पाए थे।
छात्रों का चयन ब्लॉक स्तर, शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी), जिला स्तर, विषय की स्ट्रीम और सामान्य, एससी व एसटी श्रेणियों के लिए निर्धारित सीटों के आधार पर तैयार की जाने वाली मेरिट सूची से होगा।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
ऑनलाइन फॉर्म भरने से पहले छात्रों को निम्नलिखित दस्तावेजों की स्कैन कॉपी तैयार रखनी होगी।
- 12वीं कक्षा की मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट।
- आधार कार्ड और उससे जुड़ा सक्रिय मोबाइल नंबर।
- आधार से लिंक एनपीसीआई बैंक पासबुक की कॉपी।
- ओडिशा का स्थायी निवास प्रमाण पत्र।
- एससी, एसटी, ओबीसी और एसईबीसी श्रेणी के छात्रों के लिए जाति प्रमाण पत्र।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
पात्र छात्र 19 नवंबर 2026 से पहले इन आसान चरणों का पालन करके आवेदन कर सकते हैं।
- सबसे पहले आधिकारिक ओडिशा राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल scholarship.odisha.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर ‘रजिस्ट्रेशन’ विकल्प चुनें और आधार नंबर व मोबाइल नंबर की मदद से पंजीकरण करें।
- प्राप्त लॉगिन विवरण के जरिए ‘स्टूडेंट लॉगिन’ करें।
- ‘स्कीम’ सेक्शन में जाकर ‘गोदाबरीश विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना’ का चयन करें।
- आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत, बैंक और शैक्षणिक जानकारी सावधानी से भरें।
- मांगे गए सभी दस्तावेज सही प्रारूप में अपलोड करें और फॉर्म जमा कर दें। आवेदन का प्रिंटआउट भी सुरक्षित रख लें।

